जब भी हमें कोई छोटी सी चोट लगती है या लोहे से कट लग जाता है, तो सबसे पहला ख्याल टिटनेस के टीके का आता है। बहुत से लोग मुझसे पूछते हैं कि tetanus injection validity for adults क्या है? यानी एक बार टीका लगवाने के बाद उसका असर कितने सालों तक मान्य रहता है?
आज के इस ब्लॉग में हम इसी भ्रम को दूर करेंगे।
टिटनेस का टीका कितने साल काम करता है?
मेडिकल गाइडलाइन्स के अनुसार, एक स्वस्थ वयस्क के लिए टिटनेस के टीके की अवधि इस बात पर निर्भर करती है कि चोट कैसी है:
1. सामान्य स्थिति (Routine): अगर आपने बचपन के सभी टीके सही समय पर लगवाए हैं, तो एक बूस्टर इंजेक्शन की वैलिडिटी आमतौर पर 10 साल होती है।
2. गहरी या गंदी चोट (Dirty Wounds): अगर चोट बहुत गहरी है, उसमें मिट्टी लगी है, या किसी जानवर ने काटा है, तो यह वैलिडिटी 5 साल मानी जाती है। अगर आपके आखिरी टीके को 5 साल से अधिक हो गए हैं, तो डॉक्टर तुरंत नया इंजेक्शन लगवाने की सलाह देते हैं।
बार-बार इंजेक्शन लगवाना क्यों है नुकसानदेह?
हमारे देश में कई लोग हर छोटी खरोंच पर टिटनेस (TT) का इंजेक्शन लगवा लेते हैं। अगर आप हर 2-3 महीने में टीका लगवाते हैं, तो इससे शरीर में 'Arthus reaction' हो सकता है, जिससे इंजेक्शन वाली जगह पर बहुत ज्यादा सूजन, दर्द और लालिमा आ सकती है।
आजकल हम सिर्फ टिटनेस (TT) की जगह Tdap या Td वैक्सीन की सलाह देते हैं, क्योंकि ये टिटनेस के साथ-साथ डिफ्थीरिया (Diphtheria) और काली खांसी (Pertussis) से भी सुरक्षा प्रदान करते हैं।
ध्यान रखें, अगर घाव बहुत ज्यादा गंदा है और मरीज ने कभी टीका नहीं लगवाया है, तो सिर्फ वैक्सीन काफी नहीं होती। ऐसे में डॉक्टर Tetanus Immune Globulin (TIG) का इंजेक्शन भी देते हैं जो तुरंत सुरक्षा शुरू कर देता है।
एक सर्जन के तौर पर मेरा सुझाव है कि आप अपने वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड (तारीख) कहीं लिखकर रखें या मोबाइल में सेव करें, ताकि इमरजेंसी के समय सही निर्णय लिया जा सके।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें